Chandigarh Daily 26°C Clear AQI 68 Nifty 23,635.10 -0.61% Sensex 75,577.58 -0.73% Bank Nifty 56,777.55 -0.54% USD-INR 94.80 -0.01% Gold ₹/10g ₹134,528 -0.57% Silver ₹/kg ₹203,187 -0.50% Crude \$ 94.47 +1.55% ISTLive

जालंधर में 500 ड्रोन ने बनाई गुरु की आकृति:श्री गुरु रविदास के जीवन दर्शन पर ड्रोन शो, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पहुंचे

जालंधर के लायलपुर खालसा कॉलेज में एक शानदार ड्रोन शो का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 500 ड्रोनों के जरिए आसमान में विभिन्न आकृतियां बनाकर गुरु जी के जीवन, विचारों और महान उपदेशों को दर्शाया गया। इस अलौकिक शो को देखने के लिए भारी संख्या में संगत पहुंची, जिन्हें आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरु जी के सामाजिक समानता, दया, सामाजिक न्याय और विश्व भाईचारे के संदेश से जोड़ा गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध रागी भाई जसबीर सिंह जी जालंधर वाले के जत्थे द्वारा किए गए शब्द कीर्तन से हुई। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार गुरु जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा के साथ मना रही है। उन्होंने बताया कि गुरु जी के सर्व-सांझीवालता के संदेश को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पूरे प्रदेश में 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में सेमिनार, गांवों में विशेष प्रचार वैन, कीर्तन दरबार और मैराथन जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। मंत्री ने यह भी साझा किया कि हाल ही में डेरा सच्चखंड बल्ला के पास 10 एकड़ से अधिक भूमि पर ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की नींव रखी गई है। 10 को रंधावा मसंदा-11 सितंबर को नई दाना मंडी फिल्लौर में होगा ड्रोन शो पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को गुरु जी के मानवता और भाईचारे के शाश्वत संदेश से जोड़ना समय की मुख्य मांग है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में 9 सितंबर को शाहकोट, 10 सितंबर को रंधावा मसंदा और 11 सितंबर को नई दाना मंडी फिल्लौर में यह ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, संत प्रदीप दास कठार वाले, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, चेयरमैन अमृतपाल सिंह, चेयरमैन मंगल सिंह बासी और एस.डी.एम. शुभी आंगरा समेत कई प्रमुख शख्सियतें मौजूद रहीं।

Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.