करनाल के डाचर-जलमाणा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 72 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग करीब 15 फीट दूर खेतों में जा गिरे। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर निसिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने निकले थे मृतक की पहचान डाचर निवासी 72 वर्षीय बुटा सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुटा सिंह रविवार को करीब 11 बजे अपने घर से डाचर स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए निकले थे। वे बाइक पर सवार थे। बताया गया कि बुटा सिंह डेरे से निकलकर सड़क पर चढ़े ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा होते देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसी दौरान घास लेकर वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने घटना देखी और डेरे पर मौजूद बुटा सिंह के परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। डेरे पर अकेले रहते थे बुटा सिंह परिजनों ने बताया कि बुटा सिंह डेरे पर अकेले ही रहते थे। उनके परिवार में एक बेटा है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाली कार का पता चल गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस निसिंग थाना के जांच अधिकारी ऋषिपाल ने बताया कि रविवार को बुटा सिंह का सड़क हादसा हुआ था, जिसमें उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
करनाल में कार की टक्कर से बुजुर्ग व्यक्ति की मौत:15 फीट दूर खेत में जा गिरे, गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने निकले थे