गुरुग्राम के सेक्टर-37 औद्योगिक क्षेत्र में गाड़ी के सीट कवर बनाने वाली एक निजी कंपनी के अंदर विवाद के बाद एक युवक ने अपनी ही सहकर्मी पर कैंची से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक युवती की पहचान 25 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के जलालपुर गांव की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, शिवानी सेक्टर-37 इलाके में ही एक पीजी में रहती थी और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘एनडीआर कंपनी’ में काम करती थी। इस कंपनी में गाड़ियों के सीट कवर तैयार किए जाते हैं। काम के दौरान सहकर्मी से हुआ था विवाद बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम कंपनी में काम के दौरान शिवानी का उसके साथ काम करने वाले सहकर्मी असलम (30) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर शिवानी ने असलम को एक थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित होकर असलम ने पास में रखी कैंची से शिवानी के गले पर वार कर दिया। इलाज के दौरान आज हुई मौत घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवानी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि इलाज के दौरान आज रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार सेक्टर-37 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी असलम को तुरंत हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और कंपनी के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सभी तथ्यों की जांच की जा सके।
गुरुग्राम की कंपनी में युवती की कैंची मारकर हत्या:काम के दौरान सहकर्मी से हुआ था विवाद; आरोपी युवक गिरफ्तार