अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में गुरुवार को एक युवक ने बेअदबी की। आरोपी ने गुटका साहिब के अंग फाड़ दिए। इसके बाद फाड़े गए अंगों को एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। मामले की जानकारी मिलने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने थाना कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। मनदीप सिंह गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचा था। इसी दौरान उसने गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ दिए। जिस महिला की चुन्नी के पल्लू से अंग बांधे गए, वह भी शहीद ऊधम सिंह नगर की रहने वाली है। महिला परिवार के साथ माथा टेकने पहुंची थी। CCTV से आरोपी की पहचान हुई मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। गोल्डन टेंपल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह की पहचान की और उसे ट्रेस कर काबू कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने यह कृत्य किन परिस्थितियों में किया। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गोल्डन टेंपल में युवक ने की बेअदबी:परिक्रमा में गुटका साहिब के अंग फाड़कर महिला की चुन्नी से बांधे, CCTV से पकड़ा गया