दिल्ली के नरेला में हुए सोनीपत के प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस में कई खुलासे हुए हैं। मृतक प्रमोद (40) को पहले से ही हत्या की आशंका थी। उन्होंने अपनी डिफेंडर कार को मोडिफाई कराकर बुलेटफ्रूफ करवाया था। इसके साथ ही उनके पास मोडिफाई बुलेटप्रूफ एंडेवर गाड़ी भी है। परिवार का कहना है कि गुरुवार को प्रमोद बुलेटप्रूफ की बजाए स्कॉर्पियो से जिम गया था। गाड़ी से उतरते ही 2 शूटरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। 16 गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रमोद का प्रॉपर्टी डीलर बनने का सफर भी आसान नहीं रहा। पढ़ाई के दौरान ही उनके पिता की मौत हो गई थी। भाई को अनुकंपा पर पिता की नौकरी मिली तो घर का चूल्हा चल सका। खुद 12वीं करने के बाद उन्होंने प्राइवेट बस में कंडक्टर की नौकरी की। करीब 15 साल पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया था। उधर, प्रमोद की हत्या के बाद परिजनों ने उनका शव लेने से इनकार कर दिया है। कहना है- जब तक हत्यारों का पुलिस एनकाउंटर नहीं करेगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पहले जानिए…कंडक्टर से प्रॉपर्टी डीलर बनने की कहानी – सोनीपत के नाहरी गांव के रहने वाले प्रमोद के पिता डिफेंस में नौकरी करते थे। उनकी 75 वर्षीय मां साबो देवी रोते हुए कहती है- वह नौंवी में पढ़ता था। उसके बाब्बू (पिता) का निधन हो गया था। इसके बाद बड़े बेटे विनोद को नौकरी मिली थी, जिससे घर का चूल्हा चला। – मां साबो ने बताया कि प्रमोद ने 12वीं करने के बाद परिवार की मदद के लिए प्राइवेट बस में कंडक्टर की नौकरी शुरू की। इसके बाद उसने ठेके पर बस ली और दिल्ली में बसें चलाईं। कुछ समय बाद उसने डिफेंस में कांट्रेक्ट बेस पर ड्राइवर की नौकरी भी की। – साबो देवी के अनुसार, करीब 15 साल पहले प्रमोद ने नौकरी छोड़कर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया था। इसके दम पर ही उन्होंने ने गांव में एक आलीशान मकान, ऑफिस और ‘मुकुल’ नाम से एक मैरिज हॉल बनाया। – प्रमोद चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। एक बहन है, जिनकी शादी हो चुकी है। उनकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उनके 2 बच्चे भी है। अब पढ़िए, कैसे हुई प्रमोद की हत्या… गन गाड़ी में छोड़ जिम गए: प्रमोद अपने पार्टनर पवन के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे। दोनों करीब 2 साल से नरेला में एक साथ सुबह जिम जाते थे। गुरुवार सुबह 6:38 बजे दोनों अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घर से निकले थे। गांव नाहरी से करीब 3 किलोमीटर दूर बाकनेर स्थित जिम पर वे सुबह ठीक 7:00 बजे पहुंचे। प्रमोद अमूमन अपनी लाइसेंसी गन साथ रखते थे, लेकिन जिम के अंदर जाने के कारण गन गाड़ी में ही छोड़ दी। दोनों हाथों से कुल 8-8 गोलियां चलाईं: जैसे ही वे जिम के गेट पर पहुंचे, प्रमोद के मोबाइल पर कोई मैसेज या कॉल आया। वे फोन देखने के लिए धीमे हो गए और जेब से मोबाइल निकालने लगे। इसी दौरान उनके पार्टनर पवन तीन-चार कदम आगे निकल गए। तभी घात लगाए बैठे दो शूटरों ने प्रमोद को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने अपने दोनों हाथों में पिस्टल ले रखी थी। तीन साल से मिल रही थी धमकी: परिजनों का कहना है कि प्रमोद को करीब 3 साल पहले एक नामी गैंगस्टर से फिरौती के लिए धमकी भरा कॉल आया था। उस दौरान कुंडली थाना पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और प्रमोद को कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। ग्रामीण बोले- यूपी का योगी मॉडल चाहिए प्रमोद की हत्या के बाद उनके घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण आ रहे हैं। ग्रामीण मनोज ने कहा, हरियाणा में अपराध का ग्राफ बहुत ऊपर चला गया है। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा मॉडल चाहिए। जैसे सिंगर अंकित बालियान के हत्यारों का एनकाउंटर हुआ, वैसे ही प्रमोद के हत्यारों का एनकाउंटर होना चाहिए। ————– यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा के प्रॉपर्टी डीलर का दिल्ली में मर्डर:जिम के बाहर गोलियों से भूना, रंगदारी मांगी जा रही थीं; परिजनों का डेडबॉडी लेने से इनकार सोनीपत से सटे दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर गुरुवार सुबह जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट पर पहुंचे, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। (पूरी खबर पढ़ें)
- Next हिसार-फाइनेंसर ने 1 घंटे में 27 कॉल की:10 मिनट बाद शोरूम मालिक का सुसाइड; ₹25 लाख न देने पर बच्चे किडनैप की धमकी
- Previous ‘फॉर्च्यूनर में लड़कियां, सुल्फे के कश लेता था महंत’:ग्रामीण बोले- भगवा चोला देख छोड़ा; कैथल के डेरे में साधु मारा, यहां ₹2 करोड़ के पशु
Recent Posts
- हिसार-फाइनेंसर ने 1 घंटे में 27 कॉल की:10 मिनट बाद शोरूम मालिक का सुसाइड; ₹25 लाख न देने पर बच्चे किडनैप की धमकी
- ‘जान बचाने को बुलेटप्रूफ डिफेंडर से चलता था प्रॉपर्टी डीलर’:भाई की नौकरी से चूल्हा चला, खुद कंडक्टर रहा; जिम के बाहर गोलियों से भूना
- ‘फॉर्च्यूनर में लड़कियां, सुल्फे के कश लेता था महंत’:ग्रामीण बोले- भगवा चोला देख छोड़ा; कैथल के डेरे में साधु मारा, यहां ₹2 करोड़ के पशु
- South Korea Considers Hormuz Military Deployment By Year-End Amid Trump Pressure: Report
- Pentagon pulls testosterone screening guidance for US troops a day after issuing it