बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ने 4 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी की बहाल:डबल डोमिसाइल पर 25 अभ्यर्थियों पर किया था एक्शन; क्लॉज-18 के उल्लंघन का आरोप

बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज ने एमबीबीएस दाखिले के लिए पंजाब स्टेट कोटा की 85 प्रतिशत सीटों के संबंध में निषेध किए गए 25 में से 4 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी बुधवार शाम बहाल कर दी है। यूनिवर्सिटी की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा गया है कि संबंधित उम्मीदवारों की ओर से प्राप्त आवेदनों के बाद संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के रिकॉर्ड की विधिवत जांच की गई। इसके बाद 4 उम्मीदवारों की पंजाब स्टेट कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग में विचार हेतु उम्मीदवारी बहाल की गई है। बहाल किए गए उम्मीदवार असम, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से संबंधित हैं। हालांकि, यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि उनकी उम्मीदवारी की बहाली काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत लागू अन्य सभी पात्रता शर्तों, नियमों और विनियमों को पूरा करने के अधीन होगी। एक दिन पहले की थी कार्रवाई गौरतलब है कि बाबा फरीद यूनिवर्सिटीने 25 अभ्यर्थियों को पंजाब स्टेट कोटा के साथ-साथ अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों की स्टेट कोटा सीटों के लिए भी आवेदन करने के चलते दाखिले के लिए निषेध कर दिया था। यह पंजाब सरकार की 10 जुलाई 2026 की अधिसूचना के क्लॉज-18 का उल्लंघन माना गया था। इन 25 उम्मीदवारों में आठ ने चंडीगढ़, पांच ने कर्नाटक, तीन-तीन ने हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश तथा एक-एक उम्मीदवार ने असम, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के स्टेट कोटा के लिए भी आवेदन किया था।