कुरुक्षेत्र में पति राजेश की हत्या के बाद उसके शरीर से आंतें, किडनी और लीवर का हिस्सा निकालने की आरोपी विमला की अब 6 डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड जांच करेगा। विमला की शारीरिक हालत के साथ उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जाएगी। इसके लिए मेडिकल बोर्ड बनाया जा चुका है। बोर्ड के सभी डॉक्टरों ने अपनी-अपनी राय दे दी है। इसी राय के आधार पर उसका इलाज जारी है। मेडिकल बोर्ड में फिजिशियन, सर्जन, आरएमओ, दो हड्डी रोग विशेषज्ञ और एक साइकेट्रिस्ट शामिल हैं। बोर्ड में शामिल डॉक्टर विमला की अलग-अलग स्तर पर जांच और इलाज कर रहे हैं। साइकेट्रिस्ट की निगरानी की सलाह विमला की मानसिक स्थिति को लेकर बोर्ड में शामिल साइकेट्रिस्ट ने सलाह दी है कि उसे ऐसी जगह रखा जाए, जहां मनोरोग विशेषज्ञ उपलब्ध हो और उसकी लगातार निगरानी की जा सके। डॉक्टरों ने उसके व्यवहार और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इलाज की दिशा तय की है। वहीं, फिजिशियन ने विमला के पेट का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिखा है। 3 से 6 महीने लगेंगे ठीक होने तक मेडिकल बोर्ड में शामिल हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन उपाध्याय ने बताया कि विमला ने छत से छलांग लगाई थी। इससे उसकी कमर में चोट लगी थी। जांच से पता चला कि उसकी रीढ़ के 3 मनके टूटे हुए हैं। इन्हें ठीक होने में करीब 3 से 6 महीने का समय लग सकता है। डॉक्टर के मुताबिक, फिलहाल उसका ऑपरेशन नहीं किया जा सकता। इसकी एक वजह यह भी है कि ऑपरेशन के बाद उसकी देखभाल के लिए उसके साथ कोई व्यक्ति नहीं है। ऐसे में डॉक्टर किसी तरह का अतिरिक्त रिस्क नहीं लेना चाहते। बोर्ड ने अपनी राय लिखकर दे दी है और उसी के अनुसार विमला का इलाज किया जा रहा है। 27 अगस्त को PGI चंडीगढ़ किया था रेफर विमला को बेहतर इलाज के लिए 27 अगस्त को चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया था। हालांकि, विमला ने वहां इलाज करवाने से इनकार कर दिया। इसके अगले ही दिन उसे वापस कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल लाया गया। उसके व्यवहार को देखते हुए डॉक्टरों ने आशंका जताई कि वह किसी भी समय हिंसक हो सकती है। पति की हत्या के बाद निकाले थे अंग 21 अगस्त को विमला ने अपने पति राजेश की हत्या करने के बाद उसके शव के साथ भी बर्बरता की थी। आरोप है कि उसने राजेश के शरीर को सीने से लेकर प्राइवेट पार्ट तक काट दिया था। पुलिस को मौके से राजेश की आंतें, किडनी और लीवर का हिस्सा प्लास्टिक की बोरी में मिला था। इसके लिए तीन चाकुओं का इस्तेमाल किया था। अब मानसिक स्थिति की जांच अहम अब मेडिकल बोर्ड के सामने विमला की शारीरिक हालत के साथ उसकी मानसिक स्थिति भी अहम है। 6 डॉक्टरों की राय के आधार पर उसका इलाज चल रहा है। खास तौर पर साइकेटरिस्ट की सलाह के बाद उसकी मानसिक स्थिति और व्यवहार पर नजर रखी जा रही है। मेडिकल जांच और इलाज की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
कुरुक्षेत्र राजेश हत्याकांड की आरोपी विमला की होगी मानसिक जांच:6 डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित; साइकेट्रिस्ट बोलीं- नजर रखना जरूरी