Chandigarh Daily 32°C Clear AQI 83 Nifty 23,948.25 +0.31% Sensex 76,673.56 +0.68% Bank Nifty 57,547.50 +0.29% USD-INR 94.48 +0.01% Gold ₹/10g ₹137,524 -0.28% Silver ₹/kg ₹205,706 +0.02% Crude \$ 90.68 -0.68% ISTLive

कनाडा में पंजाबी मूल का पुलिस अधिकारी काल दोसांझ गिरफ्तार:धोखाधड़ी, चोरी और विश्वासघात सहित दर्जनों गंभीर आरोप, वकील बोले-आरोप तय होने तक निर्दोष

कनाडा के वैनकूवर पुलिस विभाग (VPD) में लगभग दो दशकों से कार्यरत पंजाबी मूल के पुलिस अधिकारी और युवाओं के लिए काम करने वाली संस्था किड्स प्ले यूथ के प्रमुख कुलविंदर सिंह (उर्फ काल दोसांझ) को लंबी चली जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके साथ उनके कथित सहयोगी सरबजीत सिंह गिल को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कनाडा के सरी स्थित 129 स्ट्रीट 59 एवेन्यू के पास स्थित काल दोसांझ के आवास पर छापेमारी की कार्रवाई की। ऑपरेशन के दौरान पुलिस अधिकारियों को घर से दस्तावेजों से भरे कई बक्से बाहर ले जाते देखा गया। ब्रिटिश कोलंबिया प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने दोसांझ और उनके साथी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक कुलविंदर सिंह (काल दोसांझ – उम्र 50 वर्ष) पर कुल 9 आपराधिक आरोप दर्ज किए गए हैं। इनमें 5 हजार कनाडाई डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी के 4 मामले, 5 हजार कनाडाई डॉलर से अधिक की चोरी के 4 मामले और एक लोक सेवक द्वारा विश्वासघात का एक मामला शामिल है।
जबकि, काल के साथी सरबजीत सिंह गिल (उम्र 51 वर्ष) पर धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित कुल 6 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये कथित अपराध 8 दिसंबर 2017 से 25 जुलाई 2025 के बीच घटित हुए थे। ये घटनाएं वैनकूवर, सरे और ब्रिटिश कोलंबिया के अन्य क्षेत्रों से जुड़ी बताई जा रही हैं। हालांकि, दोनों पर लगे आरोप अदालत में साबित नहीं हुए हैं। वैनकूवर पुलिस प्रमुख ने फिलहाल इस मामले पर विस्तृत जानकारी देने से इन्कार करते हुए कहा कि आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले से जुड़े और तथ्य साझा किए जाएंगे। फगवाड़ा से संबंध और समाज सेवा में पहचान मूल रूप से पंजाब में फगवाड़ा के पास एक गांव के रहने वाले दोसांझ ने लगभग 20 वर्षों तक वैनकूवर पुलिस विभाग में सेवा दी है। पुलिस सेवा के साथ-साथ वे सरे स्थित ‘किड्सप्ले फाउंडेशन’ संस्था से जुड़े हुए थे, जो युवाओं को अपराध और नशे से दूर रखकर सकारात्मक अवसरों की ओर प्रेरित करने का काम करती है। स्थानीय समुदाय में वे अपने सामाजिक और धर्मार्थ कार्यों के लिए जाने जाते थे। रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप मामले से जुड़ी शुरुआती जानकारियों के अनुसार, यह कथित मामला एक बड़े निवेश घोटाले से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि कुछ लोगों से रियल एस्टेट (जमीन-जायदाद) में पैसे लगाने और उस पर भारी रिटर्न देने का वादा करके मोटी रकम ली गई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों को लेकर विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। वकीलों ने सारे आरोपों को किया खारिज ‘अलायंस लॉयर्स’ में काल दोसांझ की ओर से पैरवी कर रही कानूनी टीम ने उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। वकीलों ने साफ किया है कि उनके मुवक्किल निर्दोष हैं और उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। कानूनी टीम ने इस बात पर जोर दिया है कि किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी होना या आपराधिक मामले दर्ज होना उसकी आपराधिक जिम्मेदारी या अपराध सिद्ध नहीं करता। उन्होंने कहा कि जब तक अदालत में आरोप साबित नहीं हो जाते, तब तक केवल आरोपों या गिरफ्तारी के आधार पर कोई निष्कर्ष निकालना गलत है।