महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ पानीपत में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह की अध्यक्षता में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसका पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान “महंगाई डायन खाए जात है” जैसे नारे गूंजते रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ विरोध जताने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने एक रेहड़ी पर स्कूटी रखकर शहर में घूमते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान राहगीरों और लोगों का ध्यान भी प्रदर्शन की ओर गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने से परेशानी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए घर का खर्च चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। भ्रष्टाचार पर भी सरकार को घेरा
बलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। आम आदमी को अपने काम करवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अब जनता जाग चुकी है और सरकार की नीतियों का जवाब देने के लिए तैयार है। कांग्रेस ने सरकार से महंगाई पर लगाम लगाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।