हरियाणा में दूध और घी के रेट बढ़ाने की मुहिम अब नारनौल तक पहुंच गई है। हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद नारनौल में भी पशुपालकों ने पंचायत कर दूध के नए रेट तय कर दिए हैं। शनिवार को फैजलीपुर (कादीपुर) गांव में हुई पंचायत में फैसला लिया गया कि अब भैंस का दूध 80 रुपए और गाय का दूध 60 रुपए प्रति लीटर बेचा जाएगा। इसके साथ ही भैंस के देसी घी का भाव 1,500 रुपए और गाय के घी का रेट 2,000 रुपए प्रति किलोग्राम तय किया गया है। पंचायत ने यह भी ऐलान किया है कि फैसले का पालन नहीं करने वाले पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। कादीपुर गांव शहर के नजदीक है और यहां से शहर में बड़ी मात्रा में दूध की सप्लाई होती है। अब जानिए पंचायत में क्या हुआ… 5 सितंबर से लागू होगा फैसला पंचायत की अध्यक्षता करने वाले कादीपुर गांव के नंबरदार सूबे सिंह ने बताया कि पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि नए रेट 5 सितंबर 2026 से पूरे गांव में लागू होंगे। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने इन दरों को स्वीकार करते हुए निर्णय का पालन करने की शपथ भी ली। फैसला न मानने वालों पर 11 हजार जुर्माना सूबे सिंह ने बताया कि गांव में दूध और घी की खरीद-फरोख्त अब इन्हीं निर्धारित दरों पर होगी, ताकि सभी के लिए एक समान व्यवस्था बनी रहे और कीमतों को लेकर अनावश्यक प्रतिस्पर्धा न हो। निर्धारित दरों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। पांच जिलों में रेट बढ़ाने का फैसला हो चुका… हिसार: राजथल गांव से मुहिम शुरू हुई। यहां भैंस का दूध ₹100, गाय का ₹80/लीटर और देसी घी ₹1,500–2,500/kg करने का फैसला हुआ। जींद: जुलाना, सिरसा खेड़ी और करसोला समेत कई जगह बैठकें हुईं। भैंस का दूध ₹100 और गाय का ₹80/लीटर तय किया गया। कुरुक्षेत्र: बरना गांव में पशुपालकों की बैठक हुई। इसके अलावा कुरुक्षेत्र डेयरी फार्मर एसोसिएशन ने वीटा प्लांट मैनेजर और DC को ज्ञापन दिया। कैथल: पाई गांव में पशुपालकों की बैठक हो चुकी है, जिसमें दूध और घी के रेट बढ़ाने का निर्णय लिया गया और 21 सदस्यीय कमेटी बनाई गई। रोहतक: यहां भी गांव स्तर पर डेयरी किसानों ने रेट बढ़ाने को लेकर मीटिंग की। ——————————– ये खबर भी पढ़ें :- हरियाणा में दूध ₹100 लीटर करने की तैयारी:4 जिलों में पशुपालकों का फैसला; देसी घी भी महंगा होगा, वीटा से भी बढ़ोतरी की मांग हरियाणा के चार जिलों के कुछ गांवों में पशुपालकों ने एक सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर और कुछ जगह गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर बेचने का फैसला लिया था। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणा में अब नारनौल में भी दूध महंगा:भैंस का ₹80, गाय का ₹60 प्रति लीटर; फैसला न मानने पर ₹11 हजार जुर्माना
Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.