Chandigarh Daily 28°C Clear AQI 78 Nifty 23,779.15 -0.50% Sensex 76,132.81 -0.50% Bank Nifty 57,088.30 -0.49% USD-INR 94.48 -0.01% Gold ₹/10g ₹135,974 -1.39% Silver ₹/kg ₹202,743 -1.41% Crude \$ 91.48 +0.20% ISTLive

बठिंडा में मुर्दे के ढाई लाख के कृत्रिम घुटने चुराए:अंतिम संस्कार के बाद चिता से उठाए; ग्रामीणों ने पकड़ा, VIDEO जारी किया

बठिंडा के श्मशान घाट से एक व्यक्ति ने अंतिम संस्कार के बाद मुर्दे के नकली घुटने चुरा लिए। वह उन घुटनों को डॉक्टर को बेचने के लिए ले जा रहा था। हालांकि उसे चिता की राख में छेड़छाड़ करते हुए गांव के ही किसी व्यक्ति ने देख लिया। तब उसने बहानेबाजी कर बात टाल दी। इसके बाद परिवार के लोग अस्थियां इकट्‌ठी करने आए तो घुटने गायब मिले। जिसके बाद उन्होंने युवक की तलाश की और उसे घुटने लेकर जाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद गांव के लोगों ने वीडियो जारी कर कहा कि पंजाब में अब मुर्दे भी सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि इस मामले में उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज नहीं कराई है। भाई बख्तौर गांव की घटना
यह मामला भाई बख्तौर गांव का है, जहां के सौदागर सिंह (65) का दो दिन पहले निधन हो गया था। उनके दोनों घुटनों का ऑपरेशन हुआ था। जिसमें करीब दो-ढाई लाख रुपए का खर्च आया था। निधन के बाद उनका गांव के ही श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया था। यहीं पर युवक अगले दिन घुटने चोरी करने के लिए आ गया। मृतक के बेटे कुलविंदर सिंह ने कहा कि चोरी की घटनाएं इतनी बढ़ गई हैं कि अब मुर्दों की चीजें भी नहीं छोड़ी जा रहीं। वीडियो में ग्रामीणों ने क्या-क्या कहा अंतिम संस्कार किया, युवकों ने राख ठंडी करने के लिए पानी छिड़का
एक ग्रामीण ने कहा- जो अनहोनी भाई बख्तौर गांव में हुई है, वह पूरे पंजाब क्या, पूरे भारत में भी नहीं हुई होगी। परसों हमारे गांव के सौदागर सिंह का निधन हो गया, वह 65 साल के थे। सौदागर सिंह के नकली घुटने डलवाए हुए थे। निधन के बाद उनका यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। अगले दिन अस्थियां इकट्‌ठी करने आना था। उससे पहले गांव के कुछ युवक राख को ठंडी करने के लिए श्मशान घाट में आए और ऊपर पानी डालकर चले गए। डंडे से राख पलट रहा था, गांव के व्यक्ति ने देखा
ग्रामीण ने बताया- इसके बाद एक लड़का यहां आया। वह राख को डंडे से पलटने लगा। इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे देख लिया। उसने पूछा कि वह राख के साथ क्या कर रहा है। पहले तो उसने बातों में उलझाने की कोशिश की। इसके बाद उसने घुटने चोरी कर लिए। वह टिटेनियम या किसी अन्य धातु के बने थे, जो बड़े महंगे बिकते हैं। वह घुटने लेकर यहां से भाग निकला। परिवार को पता चला तो उन्होंने युवक को पकड़ा
ग्रामीण ने कहा- जब परिवार को पता चला कि वहां राख में कोई डंडे मार रहा था, पहले परिवार को लगा कि कहीं कोई तांत्रिक वगैरह न हो। फिर परिवार के लोग आए। उन्हें चिता की राख में नकली घुटने नहीं मिले। उन्होंने फिर उस युवक के बारे में पता किया। इसके बाद उसे पकड़ा गया। उसे पूछा गया तो उसने मान लिया कि वह सौदागर सिंह के घुटने लेकर गया है। आरोपी बोला- इन घुटनों को बेचूंगा
जब उसे पकड़ा गया तो वह घुटने लेकर गांव से जा रहा था। जब उससे पूछा गया कि वह घुटने कहां ले जा रहा है तो उसने कहा कि मैं इन्हें बेचूंगा। पंजाब के हालात अब ऐसे बन चुके हैं कि अब किसी का अंतिम संस्कार हो तो हमें अब चिता पर भी रखवाली करनी होगी। अब ये हालात हो गए हैं कि लोग मरे को भी नहीं छोड़ रहे। युवक अकेला नहीं, और भी इसमें शामिल
ग्रामीण महिंदर सिंह ने कहा- पता नहीं कैसे हालात हो गए, घुटने चोरी करने वाला गरीब आदमी था लेकिन हो सकता है कि पीछे किसी का हाथ हो। हमें भी पता नहीं और शायद उसे भी पता नहीं था कि ये घुटने किस चीज के बने हैं। जब ये घुटने डाले जाते हैं तो दो-ढ़ाई लाख के होते हैं। हमें शक है कि किसी दूसरे ने ये घुटने चोरी कराए हैं। इसके पीछे किसी और बड़े आदमी का हाथ हो सकता है। अगर आज मरे हुए की चिता को खंगाल रहे हैं तो फिर जिंदा आदमी को तो काटकर ही ले जाएंगे।

📰 Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर ↗. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.