भास्कर न्यूज | लुधियाना महिला स्टूडेंट्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लुधियाना पुलिस ने वीरवार को घुमार मंडी स्थित खालसा कॉलेज फॉर वुमेन और गिल रोड स्थित गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कॉलेज (जीएनडीईसी) के आसपास विशेष एंटी-ईव-टीजिंग ड्राइव चलाई। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मकसद कॉलेजों के आसपास छेड़छाड़, छात्राओं से बदसलूकी और उपद्रव करने वालों पर नजर रखना और उन्हें रोकना था। पुलिस टीमों ने कॉलेज गेट समेत आसपास की संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी रखी। बिना किसी उचित कारण के घूम रहे और सार्वजनिक स्थान पर परेशानी पैदा करने वाले लोगों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई। खालसा कॉलेज फॉर वुमेन के बाहर अभियान का नेतृत्व डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अरविंद मीणा, आईपीएस ने किया। उनके साथ एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन एवं ईओ विंग रूपिंदर कौर भट्टी, एसीपी पीबीआई स्पेशल क्राइम रूपदीप कौर और एसीपी पीबीआई इकोनॉमिक ऑफेंस एंड साइबर क्राइम हरजिंदर सिंह मौजूद रहे। वहीं, जीएनडीईसी कॉलेज गिल रोड के बाहर अभियान की अगुवाई डीसीपी स्पेशल ब्रांच परमजीत सिंह, पीपीएस ने की। उनके साथ एडीसीपी-2 करणवीर सिंह और एसीपी लाइसेंसिंग एंड सिक्योरिटी गुरइकबाल सिंह सहित स्थानीय थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें तैनात रहीं। पुलिस ने कॉलेजों के आसपास ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 73 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 43, ट्रिपल राइडिंग के 15, मॉडिफाइड साइलेंसर के 7 और गैरकानूनी तरीके से मॉडिफाइड वाहनों के 8 चालान शामिल हैं। पुलिस ने विशेष रूप से ऐसे मोटरसाइकिल सवारों की जांच की, जो मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करते हुए कॉलेजों के आसपास घूम रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। लुधियाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कॉलेजों या अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास छेड़छाड़, किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या छात्राओं को परेशान करने की घटना सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। जांच करती पुलिस टीम। शीशों से ब्लैक फिल्म हटाते ।
मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग के काटे 73 चालान