Chandigarh Daily 25°C Clear Nifty 23,873.45 -0.17% Sensex 76,152.86 -0.55% Bank Nifty 57,380.60 +0.37% USD-INR 94.48 +0.00% Gold ₹/10g ₹137,113 -0.57% Silver ₹/kg ₹204,131 -0.74% Crude \$ 91.75 +0.49% ISTLive

बच्चों के साथ जा रही मां को बाइक ने मारी टक्कर; मौत

लुधियाना| रायकोट में बुधवार सुबह गुरुद्वारे माथा टेकने जा रही महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सिमरजीत कौर (45) पत्नी कुलदीप सिंह निवासी गांव आंडलू,रायकोट, लुधियाना के रूप में हुई है। मृतका के पति कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे उसकी पत्नी सिमरजीत कौर अपने बेटे कर्णवीर सिंह और बेटी जशनप्रीत कौर के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पीछे से टीवीएस मोटरसाइकिल नंबर पीबी-25एच-8446 पर आ रहे युवक गुरजीत सिंह पुत्र रविंदर सिंह निवासी गांव लिटरां ने उसकी पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिमरजीत कौर सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गहरी चोट लग गई। परिजन उसे तुरंत रायकोट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर थाना सुधार की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना की मोर्चरी में रखवा दिया। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतका के पति कुलदीप सिंह के बयानों के आधार पर मोटरसाइकिल चालक गुरजीत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 और 281 के तहत केस दर्ज कर लिया है।