भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित करीब 180 करोड़ के विकास कार्यों पर फिलहाल ब्रेक लग गई है। नगर निगम ने एमडीएफ (म्यूनिसिपल डेवलपमेंट फंड) के तहत लगाए गए 60 टेंडरों को रद्द कर दिया है। इन टेंडरों को 25 मई 2026 को खोला जाना था, लेकिन पंजाब सरकार की ओर से एमडीएफ की राशि जारी न होने के कारण साढ़े 3 महीने तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। आखिरकार नगर निगम को इन टेंडरों को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। टेंडर प्रक्रिया में शामिल ठेकेदार कंपनियों ने नगर निगम के पास अर्नेस्ट मनी और बैंक गारंटी जमा करवाई थी। लंबे समय से प्रक्रिया लटकी होने के कारण ठेकेदार अपनी राशि वापस मांग रहे थे। टेंडर रद्द होने के बाद अब निगम द्वारा यह राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार, फंड की अनुपलब्धता के कारण वर्क अलॉट करना संभव नहीं था। इसके अलावा, करीब 15 टेंडरों में सिंगल पार्टी आने या किसी भी ठेकेदार द्वारा बोली न लगाए जाने के कारण उन्हें रद्द किया गया। फिलहाल नए सिरे से टेंडर कब जारी होंगे और एमडीएफ का फंड कब तक मिलेगा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फंड न मिलने से 180 करोड़ के विकास पर ब्रेक, 60 टेंडर रद्द
📰 Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर ↗. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.